पलपल इंडिया प्रतिनिधि। नोएडा में आज सुबह कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई जिससे एक महिला की मौत हो गई और महिला का पति गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के मुताबिक यह घटना सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में छिजारसी गांव की है जहां मुख्य सड़क पर स्थित दो मंजिला कपड़े की दुकान में आग लग गई। ‘सुबह करीब 03:30 बजे आग लगने की घटना की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की 4 गाड़ियां को मौके पर भेजा गया।’
जानकारी से पता चला की घटना के समय बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर दुकान के मालिक रोहित शर्मा और उनकी पत्नी विनीता सो रहे थे, और इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। प्रवक्ता ने बताया कि दमकल विभाग के कर्मचारियों ने दंपति को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान 34 साल की विनीता ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि रोहित का इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि ऐसा लगता है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी और मामले की जांच जारी है।