महाकुंभ में फ़िल्मी दिग्गज कलाकारों से सजेगी महफिल कई एक्टर्स लगाएंगे संगम में डुबकी

By: PalPal India News
January 9, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। प्रयागराज में महाकुंभ हो रहा है। संगम किनारे संतों और श्रद्धालुओं का तांता देखने को अभी से मिलने लगा है। अलग-अलग अखाड़ों के संत यहां पहुंच गए हैं। ऐसे में कई बॉलीवुड सितारों को भी संगम नगरी में आने का न्योता मिल गया है। वहीं कई सितारे ऐसे हैं जिन्होंने खुद संगम नगरी पहुंचने की ठानी है। इस पावन अवसर पर भारत के कई दिग्गज कलाकार इसमें चार चांद लगाने के लिए शामिल होंगे। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, आलिया भट्ट और रणबीर कपूर इस बार संगम में डुबकी लगाएंगे। ड्रामा क्वीन राखी सावंत भी संगम में स्नान करने के लिए पहुंचने वाली हैं। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में डुबकी लगाने का पूण्य लाभ इन सितारों को इस बार मिलने वाला है।

सभी फिल्मी सितारों के पहुंचने का सिलसिला पौष पूर्णिमा के साथ ही शुरू होगा। बॉलीवुड, टॉलीवुड से लेकर भोजपुरी के साथ ही टीवी इंडस्ट्री के सितारे भी इस जमघट में शामिल होंगे। कहा जा रहा है कि इन सितारों के गुरु पहले ही पहुंच गए हैं और अब ये अपने गुरुओं की शरण में पहुंचेंगे। अभी इनके आने के दिन और तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। सिक्योरिटी और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है। कहा जा रहा देश भर से बड़ी संख्या में कलाकार पहुंचेंगे।

दक्षिण भारतीय, असमिया, कन्नड़, तेलगु, तमिल और बांग्ला फिल्मों के कलाकारों के भी पहुंचने की उम्मीद है। मेगा स्टार अमिताभ बच्चन ने कुछ दिनों पहले ही महाकुंभ के लिए वीडियो सीरीज अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की थी। उन्हें एशिया के सबसे बड़े केपी ट्रस्ट की ओर से न्योता भेजा गया है। अमिताभ बच्चन का आना लगभग तय माना जा रहा है। ये भी कहा जा रहा है कि अमिताभ के लाडले अभिषेक और उनकी बेटी श्वेता नंदा भी पहुंच सकते हैं। राखी सावंत और अनूप जलोटा , राजपाल यादव, आशुतोष राणा और उनकी पत्नी रेणुका शहाणे समेत कई विदेशी कलाकार दद्दाजी के शिविर में आएंगे और संगम में डुबकी लगाएंगे।

महाकुंभ में भोजपुरी के कलाकारों के आने की भी उम्मीद जताई जा रही हैं। इनमें भाजपा सांसद मनोज तिवारी और सांसद रवि किशन तो मौजूद ही रहेंगे। इसके अलावा अक्षरा सिंह भी पहुंचेंगी। वहीं दिनेश लाल यादव निरहुआ भी वहां पहुंच सकते हैं। कई और सिंगर-एक्टर भी इसमें शामिल होंगे और महाकुंभ में डुबकी लगाकर धन्य महसूस करेंगे। बता दें, 13 जनवरी से इसका आरंभ हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *