पलपल इंडिया प्रतिनिधि। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज प्रयागराज पहुँच सामुदायिक ‘मां की रसोई’ का शुभारंभ किया, जहां महाकुम्भ के दौरान सिर्फ 9 रुपये में गरीबों को पौष्टिक भोजन मिलेगा। नंदी सेवा संस्थान ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता के लिए यह पहल शुरू की है। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बयान में कहा कि सामुदायिक रसोई का संचालन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए, नंदी सेवा संस्थान द्वारा स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में किया जाता है।
आपको बता दे यहाँ सिर्फ 9 रूपए में भोजन में दाल, चार रोटियां, सब्जियां, चावल, सलाद और मिठाई मिलेंगी।’’ मुख्यमंत्री योगी ने अस्पताल का दौरा किया, जहां उन्होंने ‘मां की रसोई’ का उद्घाटन किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा उपस्थित लोगों को भोजन परोसा। सरकार ने कहा, ‘‘नंदी सेवा संस्थान ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता के लिए यह पहल शुरू की है। मात्र 9 रुपये में लोगों को भोजन मिल सकेगा।
सीएम योगी औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के साथ रसोई के किचन में पहुंचे। पहुँच कर उन्होंने खाना बनाने की प्रक्रिया और सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने खाने की गुणवत्ता और व्यवस्था की सराहना भी की। मुख्यमंत्री को भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई। नंदी सेवा संस्थान के अनुसार ‘मां की रसोई’ उन लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी जो अपने प्रियजनों के इलाज के लिए इस अस्पताल में आते हैं और भोजन के लिए चिंतित होते हैं। औद्योगिक विकास मंत्री के अलावा इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और जगदगुरु महामंडलेश्वर संतोष दास उपस्थित रहे।