पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 20वीं किस्त 10 जनवरी को नहीं आएगी बहनों के खाते में इस बार योजना की 20 वी क़िस्त 12 जनवरी को बहनों के एकाउंट में ट्रांसफर होगी। पात्र महिलाओं के बैंक खाते में 1250 रुपए भेजे जाएंगे। लेकिन इस बार 1.29 करोड़ की जगह 1.26 करोड़ महिलाओं को ही राशि मिलेगी। क्योंकि 1 लाख 63 हजार महिलाओं को अपात्र घोषित कर दिया है। इसकी बड़ी वजह यह है की इन महिलाओं की उम्र 60 वर्ष से अधिक हो गई है। जिसके कारण महिला और बाल विकास विभाग ने इन्हें अपात्र घोषित किया है। विभाग ने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि लाभार्थी महिलाओं के खाते में ही राशि ट्रांसफर की जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस योजना की शुरुआत विधानसभा चुनाव से पहले मई 2023 में शुरू की थी। 21 से 60 साल की विवाहित महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए दिए जाते थे। जिसकी पहली किस्त 10 जून को महिलाओं के खाते में आई थी। 2023 में रक्षाबंधन पर यह राशि बढ़ाकर 1250 रुपए किए गए। अब इस योजना के तहत 1250 रुपए महीना के हिसाब से महिलाओं को सालाना 15,000 रुपए मिलते हैं। जून 2023 से दिसंबर 2024 तक 19 किस्त मिल चुकी हैं। अगस्त 2023 और 2024 में 250 रुपए अतिरिक्त दिए गए थे।