पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बिहार के हाजीपुर में यात्रियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। इस हादसे में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। इसका वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल बिहार के हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु पर चलती यात्रियों से भरी बस में आग लगने की वजह से हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है की यात्रियों से भरी बस हाजीपुर से पटना जा रही थी। ये बस महात्मा गांधी सेतु पुल के पास हादसे का शिकार हो गई। बस में लगी अचानक आग से अफरा तफरी मच गई। इस दौरान बस के यात्री जान बचाकर भाग निकले। बस अभी भी महात्मा गांधी सेतु पुल पर खड़ी है और पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। आग पर काबू पाने के लिए पटना और हाजीपुर के फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची है। खबर लिखे जाने तक जान-माल के नुकसान की बात सामने नहीं आई है।
इस मामले में पुलिस का बयान भी सामने आया है। पुलिस ने कहा कि पुल पर एक यात्री बस में आग लग गई है। रोड पर जाम है। हम रोड क्लीयर करने का प्रयास कर रहे हैं। यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। हम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।