बैतूल: जेल के बाथरूम में कैदी ने की आत्महत्या, पॉक्सो एक्ट में काट रहा था अपनी सजा

By: PalPal India News
January 13, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जेल के अंदर एक कैदी ने आत्महत्या कर ली। कैदी ने बाथरूम में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जेल प्रशासन ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कैदी के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक कैदी जेल में दुराचार और पॉक्सो एक्ट के आरोप में बंद एक विचाराधीन कैदी ने जेल के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है।

18 दिसम्बर को कोर्ट ने कैदी को भेजा था जेल

बैतूल एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि विचाराधीन कैदी गोलू, संदीप पिता कामिलाल सेमरे उम्र 28 साल निवासी खडग़ड़ थाना आठनेर बैरक नंबर 2 में बंद था। रात में उसने बाथरूम में धोती के कपड़े से फांसी लगा ली। मृतक पर अपराध क्रमांक 320/23 धारा 366, 376(1)(2)(3) और 506 के तहत आठनेर थाना में मामला दर्ज था। जानकारी के मुताबिक संदीप डेढ़ साल से फरार था पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 18 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया था जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।

नाबालिग से दुराचार करने का था आरोप 

कैदी की आत्महत्या के बाद जेल प्रशासन ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक का परिवार महाराष्ट्र के चांदूर बाजार में रहता है। मृतक मजदूरी करता था। उस पर नाबालिग से दुराचार करने का आरोप लगा था। पुलिस घटना की जांच कर रही है फिलहाल अभी कोई कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है जिसके चलते विचाराधीन कैदी ने फांसी लगा ली। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि 19 दिसंबर को कैदी से उसकी पत्नी मिलने आई थी। तब से उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था। उसकी पत्नी ने उससे तीन बार टेलीफोन पर भी बात भी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *