मध्यप्रदेश: टिकट देने का वादा कर BJP नेता द्वारा पार्टी की महिला नेता से रेप, आरोपी गिरफ्तार

By: PalPal India News
January 15, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में (बीजेपी) के प्रमुख नेता को एक महिला बीजेपी नेता से बलात्कार और पैसे ऐंठने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जानकारी के अनुसार, आरोपी बीजेपी नेता अजीतपाल सिंह चौहान के खिलाफ महिला ने 13 जनवरी को एफआईआर दर्ज करवाई थी। इस घटना की सूचना लगते ही बीजेपी ने उन्हें तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी की महिला नेता ने आरोप लगाया है कि अजीतपाल सिंह चौहान ने उसे पार्टी का टिकट दिलाने का वादा किया और उसके बाद बलात्कार किया। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया और उसका इस्तेमाल उसे धमका कर पैसे ऐंठने के लिए किया। इसके बाद आरोपी ने महिला के पति को भी जान से मारने की धमकी दी।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने अजीतपाल सिंह चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ बलात्कार, धमकी और पैसे ऐंठने की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

बीजेपी ने किया नेता को पार्टी से निष्काषित 

मामला सामने आने के बाद बीजेपी ने कार्रवाई करते हुए अजीतपाल सिंह चौहान को पार्टी से निष्कासित कर दिया। सीधी जिले इकाई के बीजेपी अध्यक्ष देव कुमार सिंह ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि पार्टी इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेती है और आरोपी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *