स्नैपचैटिंग करते हुए तेज रफ्तार में चला रहे थे गाड़ी, हादसे में दो युवकों की मौत

By: PalPal India News
January 17, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,भोपाल। भोपाल में सोशल मीडिया के इस्तेमाल के चलते मौत का मामला सामने आया है जिसमें स्नैपचैटिंग करते हुए तेज रफ्तार से कार चलाना दो युवकों को काफी महंगा पड़ा। कार पुलिया से नीचे नदी में जा गिरी। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

दरअसल मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में रहने वाले तीन दोस्त कोलार इलाके में ही तेज रफ्तार कार ड्राइव कर रहे थे। इसी दौरान वह स्नैपचेट से वीडियो भी बना रहे थे। तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर केरवा नदी में गिर गई। यह हादसा कोलार इलाके में इनायतपुर के पास हुआ। यहां एक तीखा मोड़ होने के चलते तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पुल से 50 फ़ीट नीचे केरवा नदी में गिर गई। जिसके चलते दो युवकों की मौत हो गई एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

बेकाबू होकर करवा नदी में गिरी कार

मामला भोपाल के कोलार इलाके के सिक्स लेन का है जहां कोलार पुलिस के मुताबिक कार में 25 साल का पलाश गायकवाड़, 22 साल का विनीत और 24 साल का पीयूष गजभिए तेज़ रफ़्तार कार से इलाके में घूम रहे थे। अस्पताल में भर्ती घायल पियूष के मुताबिक इस दौरान  ड्राइव कर रहा विनीत तेज़ी से गाड़ी चलाते हुए स्नैपचैट चला रहा था। क्योंकि कार की रफ्तार बेहद तेज थी इसलिए कोलार सिक्स लेन पर इनायतपुरा के पास गाड़ी बेकाबू होकर करवा नदी के पुल से नीचे गिर गई।

सेंट्रल लॉकिंग होने के चलते गाड़ी के दरवाजे लॉक हो गए जिसके चलते विनीत और पलाश बाहर नहीं आ पाए जबकि पुनीत कांच तोड़कर बाहर निकल आया। पुनित ने बाहर आकर लोगों को हादसे के बारे में बताया। जिसके बाद पुलिस ने नदी में गिरी कार की कांच तोड़कर विनीत और पलाश के शवों को बाहर निकाला और पीयूष को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *