प्रयागराज महाकुम्भ का छठा दिन आज, लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

By: PalPal India News
January 18, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ छटवां दिन है और त्रिवेणी संगम में स्नान जारी है। जानकारी के मुताबिक पहले पांच दिनों में 7.29 करोड़ लोग संगम में डुबकी लगा चुके हैं। इसी क्रम में आज 30 लाख श्रद्धालुओं के स्नान करने की संभावना है। प्रयागराज में आस्था की डुबकी लगाने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।

आज प्रयागराज में सीएम योगी आएंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रयागराज पहुंचने वाले हैं, जहां वे आगामी मौनी अमावस्या स्नान की तैयारियों की व्यवस्था का जायजा लेंगे। माना जा रहा है कि मौनी अमावस्या के विशेष अवसर पर 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच सकते हैं। प्रशासन ने इसको लेकर पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा सके। मौनी अमावस्या पर आयोजित होने वाला अमृत स्नान महाकुंभ का सबसे प्रमुख आकर्षण होगा।

महाकुंभ में श्रद्धालु बने आकर्षण का केंद्र

दरअसल महाकुंभ में विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। IIT बॉम्बे वाले बाबा अभय सिंह से लेकर हर्षा रिछारिया तक के बारे में जानने में लोगों की काफी दिलचस्पी देखी गई। वहीं, पुणे से आईं मॉडल वर्षा सानवाल भी अब सुर्खियों में हैं। वर्षा ने मॉडलिंग के अपने करियर को छोड़कर एक महीने के कल्पवास के लिए महाकुंभ में साधना करने का निर्णय लिया है। वह संगम की रेत पर बैठकर ध्यान और साधना करती हैं, और उनका मानना है कि संस्कृत के ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए यह जरूरी है कि लोग सनातन धर्म के प्रति जागरूक हों।

महाकुंभ में कई बाबा भी चर्चा में आए

महाकुम्भ के आयोजन के साथ ही कई बाबा भी चर्चा में आए हैं। एंबेस्डर वाले बाबा से लेकर कांटों पर सोने वाले बाबा तक को मीडिया में लगातार सुर्खियां मिली हैं। इन्हीं के बीच रुद्राक्ष वाले बाबा भी हैं, जो अपनी शिव भक्ति के लिए प्रसिद्ध हैं। बाबा ने रुद्राक्ष से 12 ज्योतिर्लिंग बनाए हैं और उनका दावा है कि उन्होंने केवल शिव भक्ति में रुद्राक्ष को पहन रखा है। श्रद्धालु उनकी इस भक्ति को देखने के लिए बड़ी संख्या में उनके आश्रम का दौरा कर रहे हैं। महाकुंभ में इस प्रकार के विभिन्न धार्मिक आकर्षणों के बीच श्रद्धालु इस पावन पर्व में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *