मुरादाबाद. मुरादाबाद जीआरपी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन से 163 प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक महिला को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा, जिसके बैग से ये कछुए बरामद हुए। सभी कछुओं को जब्त कर लिया गया है और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हरदोई से लुधियाना जा रही सद्भावना एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान महिला संदिग्ध हालत में मिली। जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें 163 प्रतिबंधित कछुए पाए गए। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रुखसाना और निवास स्थान उन्नाव बताया।
प्रभारी निरीक्षक वशिष्ठ ने कहा कि यह मामला वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन है। सभी बरामद कछुए वन विभाग को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और उससे पूछताछ के जरिए तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर @the_midpost नामक हैंडल से साझा किया गया है। वीडियो में जीआरपी पुलिस की कार्रवाई को दिखाया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला से मिली जानकारी के आधार पर तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जाएगा। यह वन्यजीव संरक्षण के लिए एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।