चेन्नई। दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को दो विकेट से हरा दिया हैं. इसके साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली हैं. टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. टॉस गवांने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम का आगाज निराशाजनक रहा और महज 26 रन के स्कोर पर टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 165 रन बनाए. इंग्लैंड की तरफ से कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 45 रनों की तूफानी पारी खेली. इस आतिशी पारी के दौरान जोस बटलर ने 30 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के लगाए. जोस बटलर के अलावा ब्रायडन कार्स ने 31 रन बनाए.
दूसरी तरफ, टीम इंडिया को अर्शदीप सिंह ने पहली बड़ी कामयाबी दिलाई. टीम इंडिया की ओर से अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट अपने नाम किए. अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के अलावा अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर, हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा ने एक-एक विकेट लिए. टीम इंडिया को यह मुकाबला जीतने के लिए 20 ओवर में 166 रन बनाने थे.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया का आगाज भी निराशाजनक रहा और महज 19 रन के स्कोर पर टीम के दोनों बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. टीम इंडिया की तरफ से युवा विस्फोटक बल्लेबाज तिलक वर्मा ने सबसे ज्यादा नाबाद 72 रनों की धुआंधार पारी खेली. इस तूफानी पारी के दौरान तिलक वर्मा ने 55 गेंदों पर चार चौके और पांच छक्के लगाए. तिलक वर्मा के अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने 26 रन बनाए.
वहीं, इंग्लैंड की टीम को मार्क वुड ने पहली बड़ी सफलता दिलाई. इंग्लैंड की ओर से ब्रायडन कारसे ने सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए. ब्रायडन कारसे के अलावा जोफ्रा आर्चर, मार्क वुड, आदिल राशिद, जेमी ओवरटन और लियाम लिविंगस्टोन ने एक-एक विकेट लिए. टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार यानी 28 जनवरी को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में शाम सात बजे से खेला जाएगा.