न्यूयार्क। अलास्का में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक सिंगल-सीट F-35 फाइटर जेट एयरबेस पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जेट ने पहले अपना नियंत्रण खो दिया और फिर तेजी से जमीन की ओर गिरा। टकराने के तुरंत बाद उसमें जबरदस्त विस्फोट हुआ और आग लग गई। राहत की बात यह रही कि पायलट समय रहते विमान से बाहर निकलने में सफल रहा और पैराशूट की मदद से सुरक्षित लैंडिंग कर अपनी जान बचाई।
एइलसन एयर फोर्स बेस के प्रवक्ता स्टाफ सार्जेंट किम्बर्ली टौचेट ने बताया कि यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:49 बजे रनवे पर हुई, जब F-35 लैंडिंग की तैयारी कर रहा था। 354वें फाइटर विंग के कमांडर कर्नल पॉल टाउनसेंड ने बताया कि टेक्निकल खराबी के चलते पायलट को इन-फ्लाइट इमरजेंसी ऑन करनी पड़ी। इसके बाद उसने सुरक्षित रूप से खुद को विमान से बाहर निकाल लिया। दुर्घटना के तुरंत बाद आपातकालीन टीम ने पायलट को बैसेट आर्मी अस्पताल में चेकअप के लिए भेज दिया।