बेंगलुरु में एक 24 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ हुई घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। यह घटना सोमवार तड़के 2 से 3 बजे के बीच हुई, जब छात्रा एक कैब में बैठी और दो अजनबियों ने जबरन गाड़ी में घुसने की कोशिश की। स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण लड़की खुद को बचाने में सफल रही, लेकिन यह घटना महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है।
पूर्वी बेंगलुरु के कम्मनहल्ली इलाके में रहने वाली 24 वर्षीय छात्रा अपनी दोस्त को लाने के लिए व्हाइटफील्ड से एक कैब बुक कर रही थी। जैसे ही वह घर से बाहर निकलकर कैब में बैठी, दो अज्ञात युवक अचानक पीछे की सीट पर घुसने लगे।
छात्रा ने तुरंत विरोध किया, और कैब ड्राइवर भी चौकन्ना हो गया। ड्राइवर ने युवकों को रोकने की कोशिश की, जिससे विवाद शुरू हो गया। घबराई लड़की कैब से बाहर निकलकर घर की ओर दौड़ी, लेकिन एक हमलावर ने उसका पीछा किया और गर्दन से पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया।
छात्रा के अनुसार, हमलावर ने उसे जबरन पकड़ने और कपड़े उतारने की कोशिश की। वहीं, कैब ड्राइवर दूसरे हमलावर से भिड़ रहा था। लड़की के चिल्लाने पर आसपास के लोग बाहर आ गए, जिससे बदमाश वहां से भाग निकले। छात्रा ने तुरंत 112 हेल्पलाइन पर कॉल किया और पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंच गई।