हमास ने 2 और इजरायली बंधकों को छोड़ा, बदले में सैकड़ों फिलिस्तीनियों को किया जाएगा रिहा

By: PalPal India News
February 1, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। हमास और गाजा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हमास ने गाजा युद्ध विराम के तहत शनिवार को 2 और इजरायली बंधकों को रिहा कर दिया है। भारी सुरक्षा के बीच दोनों को इजरायली सेना के हवाले कर दिया गया है। बदले में सैकड़ों फिलिस्तीनियों को भी रिहा किया जाना है।

खान यूनिस (गाजा), एक फरवरी (एपी) हमास ने इजराइल के साथ संघर्ष विराम समझौते के तहत शनिवार को दो पुरुष बंधकों को रेड क्रॉस के हवाले कर दिया । रेड क्रॉस के हवाले किए गए बंधकों में यार्दन बिबास (35) और ओफर कैल्डेरोन (54) शामिल हैं। दोनों को सात अक्टूबर, 2023 को इजराइल पर हमास के हमले के दौरान बंधक बनाया गया था। एक और बंधक अमेरिकी-इजराइली कीथ सीगल (65) को भी शनिवार को रिहा किया जाना है। उन्हें उत्तरी गाजा सिटी में रेड क्रॉस के हवाले किया जाएगा। गाजा में 19 जनवरी को संघर्ष विराम समझौता लागू हुआ था। शनिवार को ही, घायल फलस्तीनियों को रफाह सीमा मार्ग से मिस्र जाने की अनुमति दिए जाने की उम्मीद है।

युद्ध के दौरान यह फलस्तीनियों के लिए एकमात्र निकास बिंदु था। मई में इजराइल ने इसे बंद कर दिया था। सीमा बिंदु को फिर से खोलने की तैयारी के लिए शुक्रवार को यूरोपीय संघ के नागरिक मिशन को तैनात किया गया था। रफाह सीमा बिंदु को खोला जाना युद्ध विराम के पहले चरण में एक और महत्वपूर्ण कदम होगा। समझौते के तहत 33 बंधकों और लगभग 2,000 कैदियों की रिहाई, उत्तरी गाजा में फलस्तीनियों की वापसी और तबाह हुए क्षेत्र में मानवीय सहायता में वृद्धि किया जाना शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *