नई दिल्ली. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर तीखा प्रहार किया। दिल्ली के चांदनी चौक और नई दिल्ली सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित के समर्थन में प्रचार करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी और केजरीवाल दोनों एक जैसे हैं और झूठ के सहारे सत्ता में आए हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा, “इन्होंने जनता से कहा कि हम ईमानदार हैं और आपकी सुरक्षा करेंगे, लेकिन असल में फायदा सिर्फ इनका हुआ, जनता पीछे रह गई। एक देश को अडानी-अंबानी को सौंपने में लगा है, तो दूसरा खुद के लिए महल बना रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और केजरीवाल ने झूठे वादों से जनता को गुमराह किया है और अब वक्त आ गया है कि लोग सच्चाई पहचानें।
AAP और बीजेपी पर तीखे आरोप
प्रियंका गांधी ने AAP सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर झूठे आरोप लगाकर सत्ता हासिल की, जबकि दिल्ली का असली विकास शीला दीक्षित के शासन में हुआ था। उन्होंने AAP पर सिर्फ प्रचार और झूठे वादों का सहारा लेने का आरोप लगाया और कहा कि AAP भी बीजेपी की तरह जनता की अनदेखी करती है।
सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल
प्रियंका गांधी ने सरकार की 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वालों को टैक्स फ्री करने की घोषणा पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “देश में सिर्फ 7 करोड़ लोग ही टैक्स भरते हैं, जबकि 135 करोड़ लोग टैक्स के दायरे से बाहर हैं, तो इसका फायदा किसे होगा?”
बेरोजगारी और महंगाई पर निशाना
प्रियंका गांधी ने बेरोजगारी और सरकारी पदों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लाखों सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार उन्हें भरने की बजाय ठेके पर भर्ती कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार महंगाई पर बात तक नहीं करती और बजट में इसका जिक्र भी नहीं किया गया।
धर्म और जाति की राजनीति से बचने की अपील
प्रियंका गांधी ने जनता से धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने वाले नेताओं से सावधान रहने की अपील की और कहा कि अब समय आ गया है कि जनता सही फैसला ले।