भारत में गिलियन-बैरे सिंड्रोम के मामले बढ़े, असम में 17 वर्षीय लड़की की मौत

By: PalPal India News
February 2, 2025

नई दिल्ली. भारत में गिलियन-बैरे सिंड्रोम (GBS) के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। असम में इस बीमारी से ग्रसित 17 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, तबीयत खराब होने के बाद लड़की की जांच की गई, जिसमें GBS की पुष्टि हुई थी। इलाज के बावजूद डॉक्टर उसे बचाने में सफल नहीं हो सके।

शनिवार को महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने GBS के बढ़ते मामलों को लेकर रिपोर्ट जारी की। आंकड़ों के अनुसार, अब तक 140 संदिग्ध मरीजों की पहचान हुई है, जिनमें से 98 मामलों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस दौरान 4 संदिग्ध मौतें भी दर्ज की गई हैं।

सबसे ज्यादा मरीज पुणे से मिले
पुणे नगर निगम क्षेत्र से – 26 मरीज
नए जोड़े गए गांवों से – 78 मरीज
पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम क्षेत्र से – 15 मरीज
पुणे ग्रामीण क्षेत्र से – 10 मरीज
अन्य जिलों से – 11 मरीज
वर्तमान में 18 मरीज वेंटिलेटर पर हैं, जिनकी विशेष निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग लगातार मरीजों की स्थिति पर नजर रख रहा है और इलाज मुहैया करा रहा है।

पहले भी महाराष्ट्र में सामने आए थे GBS के मामले
इससे पहले 31 जनवरी को पुणे में गिलियन-बैरे सिंड्रोम के कई मामले सामने आए थे। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी थी कि 30 जनवरी तक 130 संदिग्ध मामलों की पहचान हुई थी, जिनमें 73 मामलों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 3 मरीजों की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *