नई दिल्ली. रॉयल रंबल 2025 का रोमांचक समापन हो चुका है। इंडियानापोलिस में हुए इस बहुप्रतीक्षित इवेंट में फैंस को जबरदस्त एक्शन देखने को मिला। पुरुषों के रॉयल रंबल मुकाबले में जे ऊसो ने दिग्गज जॉन सीना को हराकर जीत हासिल की। यह जॉन सीना का आखिरी रॉयल रंबल था, क्योंकि वह इस साल WWE को अलविदा कहने वाले हैं। मुकाबले के बाद सीना भावुक नजर आए। वहीं, महिलाओं के रॉयल रंबल में चार्लोट ने रॉक्सेन पेरेज को हराकर जीत दर्ज की।
रॉयल रंबल का सबसे रोमांचक हिस्सा 30 पुरुष और 30 महिला रेसलर्स के बीच होने वाला ऐतिहासिक मुकाबला होता है। इसमें रेसलर्स एक-एक कर रिंग में प्रवेश करते हैं और प्रतिद्वंद्वियों को टॉप रोप से बाहर फेंकने का प्रयास करते हैं। रिंग से बाहर होने के लिए जरूरी है कि किसी भी रेसलर के दोनों पैर जमीन को छूएं। इसी नियम के तहत महिलाओं का मुकाबला भी आयोजित किया जाता है।
जॉन सीना ने अपने रिटायरमेंट की घोषणा पिछले साल जुलाई में ही कर दी थी। टोरंटो में ‘WWE मनी इन द बैंक’ शो के दौरान उन्होंने चौंकाने वाली एंट्री कर अपने भविष्य की योजना साझा की थी। सीना ने कहा था, “2025 रॉयल रंबल मेरा आखिरी होगा। 2025 एलिमिनेशन चैंबर मेरा आखिरी होगा। लास वेगास में रेसलमेनिया 2025 मेरा आखिरी रेसलमेनिया होगा, जिसमें मैं मुकाबला करूंगा।”