गुजरात: तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, ड्राइवर समेत 5 की मौके पर मौत और 35 घायल

By: PalPal India News
February 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। गुजरात के डांग जिले में रविवार सुबह भीषड़ सड़क हादसा हो गया। जहां तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक प्राइवेट बस गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई वहीँ 35 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों में 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।

हादसे के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मृतक ड्राइवर समेत सभी शवों की पहचान कर ली है।

सुबह 4 बजे हुए हादसा

दुर्घटना सुबह 4.15 पर हुई, जब सापुतारा हिल स्टेशन के पास बस चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने कहा कि 48 तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस क्रैश बैरियर तोड़ते हुए करीब 35 फीट गहरी खाई में गिर गई। जिसके बाद 35 यात्रियों का नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में इलाज चल रहा है, जिनमें से 17 को जिले के आहवा स्थित सिविल अस्पताल में रेफर किया गया है।

मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं तीर्थयात्री

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के गुना, शिवपुरी और अशोक नगर जिलों के रहने वाले तीर्थयात्री 23 दिसंबर, 2024 को विभिन्न राज्यों में धार्मिक स्थलों की यात्रा पर चार अलग-अलग बसों में सवार होकर निकले थे। डांग कलेक्टर महेश पटेल ने बताया कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना तब हुई जब तीर्थयात्रियों को ले जा रही चार बसों में से एक बस खाई में गिर गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *