दिल्ली विधानसभा चुनाव: मतदान जारी, प्रधानमंत्री मोदी ने की वोट डालने की अपील

By: PalPal India News
February 5, 2025

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे से जारी है। मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दिल्ली के लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज सभी सीटों के लिए मतदान हो रहा है। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने अमूल्य वोट का प्रयोग करें। विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा साथियों को मेरी शुभकामनाएं। याद रखें—पहले मतदान, फिर जलपान!” दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए कुल 13,766 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए 220 कंपनियां अर्धसैनिक बलों की तैनात की गई हैं। इसके अलावा, 35,626 दिल्ली पुलिस कर्मी और 19,000 होमगार्ड सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

चुनाव आयोग ने सुरक्षा के मद्देनज़र करीब 3,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है, जहां विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मतदान संपन्न होने के बाद 8 फरवरी को वोटों की गिनती होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *