पंजाबी फिल्मों और बॉलीवुड म्यूजिक वीडियो में अपनी शानदार एक्टिंग के लिए मशहूर डेलबर आर्या ने हाल ही में एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वह बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के साथ काम करने की ख्वाहिश रखती हैं। डेलबर ने न सिर्फ शाहरुख की तारीफ की, बल्कि अपने सपने को पूरा करने का भरोसा भी जताया।
डेलबर आर्या ने कहा, “मैं हमेशा से शाहरुख खान की प्रशंसक रही हूं। वह न सिर्फ एक शानदार अभिनेता हैं, बल्कि उनकी जर्नी भी बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण से जो मुकाम हासिल किया है, वह काबिले तारीफ है। मैं भी हमेशा बड़े सपने देखती हूं और अपने लक्ष्यों को पाने के लिए पूरी मेहनत करती हूं। शाहरुख खान के साथ काम करना मेरी सबसे बड़ी ख्वाहिशों में से एक है।”
उन्होंने आगे कहा, “शाहरुख खान की पर्सनालिटी, उनका प्रोफेशनलिज्म और लोगों से जुड़ने की उनकी काबिलियत उन्हें एक ड्रीम को-स्टार बनाती है। मैं उनकी मशहूर लाइन में पूरा यकीन रखती हूं— ‘अगर किसी चीज़ को शिद्दत से चाहो, तो पूरी कायनात उसे तुमसे मिलाने की कोशिश में लग जाती है।’ मुझे लगता है कि यह सपना जल्द ही हकीकत में बदल सकता है।”
डेलबर आर्या के इस बयान के बाद उनके फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं। अगर उनकी यह ख्वाहिश हकीकत में बदलती है, तो यह उनके करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। हालांकि, यह सिर्फ एक सपना है या किसी नए प्रोजेक्ट की ओर इशारा, यह आने वाला समय ही बताएगा।