WhatsApp पर आया ChatGPT का नया अपडेट, वॉइस- इमेज इनपुट भी होगा सपोर्ट

By: PalPal India News
February 6, 2025

अगर आप WhatsApp पर ChatGPT का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है! OpenAI ने अपने चैटबॉट को और अधिक उन्नत बनाने के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है। इस नए अपडेट के तहत, अब WhatsApp यूजर्स टेक्स्ट के अलावा वॉइस मैसेज और इमेज इनपुट का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।

पिछले साल दिसंबर 2024 में OpenAI ने WhatsApp पर चैटजीपीटी एक्सेस के लिए एक आधिकारिक फोन नंबर लॉन्च किया था, लेकिन उस समय यह केवल टेक्स्ट-आधारित सवालों को ही सपोर्ट करता था। अब नए अपडेट के बाद, यूजर्स वॉयस मैसेज के जरिए चैटजीपीटी से सवाल पूछ सकते हैं और जवाब लिखित रूप में प्राप्त कर सकते हैं।

भारत में जारी हुआ अपडेट- OpenAI के अनुसार, यह नया अपडेट भारत सहित कई देशों में लागू कर दिया गया है। खासतौर पर भारत जैसे देशों में, जहां मोबाइल-फर्स्ट इंटरनेट यूसेज अधिक है, यह फीचर चैटजीपीटी के उपयोग को और आसान बनाएगा। अब यूजर्स केवल टाइप करने के बजाय, वॉयस मैसेज के जरिए सवाल पूछ सकते हैं, जिससे बातचीत अधिक नेचुरल हो जाएगी।

इसी बीच, OpenAI के CEO सैम आल्टमैन की भारत यात्रा भी सुर्खियों में है। बुधवार, 5 फरवरी को होने वाली इस यात्रा के दौरान, आल्टमैन शीर्ष सरकारी अधिकारियों और इंडस्ट्री के दिग्गजों से मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे चुनिंदा वेंचर कैपिटल फंड्स से भी चर्चा करेंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब AI सेक्टर में अमेरिका की पकड़ को चीनी DeepSeek कंपनी ने चुनौती दी है। DeepSeek के कम लागत वाले AI मॉडल R1 ने बाजार में तेजी से लोकप्रियता हासिल की है।

OpenAI के इस नए अपडेट से भारत में WhatsApp यूजर्स को चैटजीपीटी तक पहुंच और आसान हो जाएगी। देखना दिलचस्प होगा कि इस अपडेट के बाद AI का इस्तेमाल कितना बढ़ता है और OpenAI आगे क्या नए फीचर्स लाता है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *