AAP ने एग्जिट पोल को खारिज किया, कहा—जनता का हमें पूरा समर्थन

By: PalPal India News
February 6, 2025

नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद जारी एग्जिट पोल में बीजेपी की ऐतिहासिक वापसी की भविष्यवाणी की गई है, लेकिन आम आदमी पार्टी (AAP) ने इन अनुमानों को सिरे से नकार दिया है। पार्टी का दावा है कि अरविंद केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे और जनता का पूरा समर्थन उनके साथ है। AAP की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब एग्जिट पोल पार्टी को कमजोर दिखा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2013, 2015 और 2020 के चुनावों में भी AAP को कम सीटें दी गई थीं, लेकिन नतीजे इसके बिल्कुल विपरीत आए थे। उन्होंने कहा- “आप किसी भी एग्जिट पोल को देख लीजिए—2013, 2015 या 2020 में हमें हमेशा कम सीटें दी गईं, लेकिन असली नतीजों में हमने कहीं ज्यादा सीटें हासिल कीं।”

AAP ने अपने आधिकारिक एक्स (Twitter) हैंडल पर लिखा:
“केजरीवाल जी भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे। एग्जिट पोल हमेशा AAP के लिए गलत साबित हुए हैं। हमने हमेशा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाई है और इस बार भी ऐसा ही होगा।”

क्या कह रहे हैं एग्जिट पोल?
अधिकतर एग्जिट पोल BJP को बहुमत मिलने की बात कह रहे हैं, जिससे 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कुछ एग्जिट पोल अब भी AAP के पक्ष में दिख रहे हैं—

Mind Brink एग्जिट पोल: AAP को 44–49 सीटें मिलने का अनुमान।
WeePreside एग्जिट पोल: AAP को 46–52 सीटें मिलने की संभावना।
बाकी सर्वे BJP को स्पष्ट बहुमत दे रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, एग्जिट पोल हमेशा सटीक नहीं होते। 2015 में AAP को 50 से कम सीटें मिलने का अनुमान था, लेकिन पार्टी ने 67 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 2020 में भी AAP को कम सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई थी, लेकिन पार्टी ने 62 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। अब 8 फरवरी को यह साफ हो जाएगा कि AAP का दावा सही साबित होता है या एग्जिट पोल के अनुमान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *