फूड डिलीवरी कंपनी Zomato ने अपना आधिकारिक नाम बदलकर Eternal Ltd. कर लिया है। इस बदलाव को कंपनी के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है और इसकी जानकारी 6 फरवरी को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई। हालांकि, ग्राहकों के लिए Zomato ऐप का नाम वही रहेगा, यह परिवर्तन केवल कंपनी के आधिकारिक नाम तक सीमित रहेगा।
Zomato के को-फाउंडर और ग्रुप CEO दीपिंदर गोयल ने इस बदलाव के पीछे की वजह बताते हुए कहा, “जब हमने Blinkit का अधिग्रहण किया, तब हमने आंतरिक रूप से ‘Eternal’ नाम का उपयोग करना शुरू किया, जिससे कंपनी और ब्रांड में स्पष्ट अंतर किया जा सके। अब, जब Blinkit हमारे बिजनेस का अहम हिस्सा बन चुका है, हमें लगा कि यह सही समय है आधिकारिक रूप से नाम बदलने का।”
Zomato ने Blinkit का अधिग्रहण करने के बाद महसूस किया कि कंपनी अब सिर्फ फूड डिलीवरी तक सीमित नहीं रही। भविष्य में जब Zomato से अलग कोई नया बिजनेस प्रमुख भूमिका निभाएगा, तो कंपनी को एक नई पहचान की जरूरत होगी। इसी सोच के साथ “Eternal” नाम अपनाया गया। Eternal केवल एक नाम नहीं, बल्कि कंपनी के दीर्घकालिक दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह दर्शाता है कि कंपनी सिर्फ आज के लिए नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में भी निरंतर विकसित होती रहेगी।