सोनू सूद की बढ़ी मुश्किलें, लुधियाना कोर्ट ने जारी किया अरेस्ट वारंट

By: PalPal India News
February 7, 2025

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पंजाब के लुधियाना की एक अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह मामला धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है, जिसमें सोनू सूद को गवाही देने के लिए तलब किया गया था, लेकिन वे अदालत में पेश नहीं हुए। लुधियाना के न्यायिक मजिस्ट्रेट रमनप्रीत कौर की अदालत में वकील राजेश खन्ना ने 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। उनके मुताबिक, मुख्य आरोपी मोहित शुक्ला ने उन्हें रिजिका कॉइन में निवेश का लालच दिया था। इस मामले में अदालत ने सोनू सूद को गवाह के रूप में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था, लेकिन समन के बावजूद वे पेश नहीं हुए।

लुधियाना कोर्ट ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित ओशिवारा पुलिस स्टेशन को निर्देश दिया है कि वे सोनू सूद को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करें। आदेश में कहा गया: “सोनू सूद को समन या वारंट जारी किया गया था, लेकिन वे अदालत में पेश नहीं हुए। इसलिए, पुलिस अधिकारी को निर्देश दिया जाता है कि वे उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश करें।”

अदालत ने पुलिस को 10 फरवरी 2025 तक वारंट तामील करने का निर्देश दिया है और इसकी रिपोर्ट अदालत में जमा करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 10 फरवरी को होगी, जिसमें यह साफ होगा कि अभिनेता को गिरफ्तार किया जाएगा या उन्हें कोई और राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *