राम मंदिर की पहली ईंट रखने वाले कामेश्वर चौपाल का निधन

By: PalPal India News
February 7, 2025

नई दिल्ली. राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक और राम मंदिर की पहली ईंट रखने वाले कामेश्वर चौपाल का आज दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे, और आज सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। कामेश्वर चौपाल न केवल राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी थे, बल्कि बीजेपी से एमएलसी भी रह चुके थे। उनके निधन की खबर से बीजेपी और हिंदू संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।

बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा:- “राम मंदिर की पहली ईंट रखने वाले, पूर्व विधान पार्षद, दलित नेता, श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के स्थाई सदस्य, और विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष रहे श्री कामेश्वर चौपाल जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन धार्मिक और सामाजिक कार्यों को समर्पित किया। मां भारती के सच्चे लाल को हमारी विनम्र श्रद्धांजलि। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिजनों को संबल प्रदान करें।” कामेश्वर चौपाल का योगदान राम मंदिर आंदोलन में ऐतिहासिक रहा है। उनके निधन को एक सामाजिक और सांस्कृतिक क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *