मैक्सिको सिटी। मैक्सिको के दक्षिणी राज्य तबास्को में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 41 लोगों की जान चली गई। यह दुर्घटना तब हुई जब एक बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। मैक्सिको सरकार के अनुसार, बस में कुल 48 यात्री सवार थे, जिनमें से 38 यात्रियों और दोनों ड्राइवरों की मौत हो गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर भी मारा गया।
टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे यात्रियों को बचने का मौका नहीं मिला और पूरी बस जलकर खाक हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का केवल लोहे का ढांचा ही बचा है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, अब तक 18 खोपड़ियों की पहचान की जा चुकी है, जबकि कई शव अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। बस ऑपरेटर कंपनी टूर्स एकोस्टा ने फेसबुक पर पोस्ट कर इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। कंपनी ने बताया कि वे अधिकारियों के साथ मिलकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या बस स्पीड लिमिट के भीतर थी या नहीं।