मुंबई. चेंबूर पुलिस स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। सोमवार शाम को मुंबई के बांद्रा जीआरपी को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर यह धमकी दी। कॉलर ने कहा कि चेंबूर पुलिस स्टेशन को बम से उड़ाने की योजना बनाई गई है और इसके तुरंत बाद उसने कॉल काट दिया।
धमकी भरे फोन की सूचना मिलते ही बांद्रा जीआरपी ने एटीएस, बॉम्ब स्क्वाड और लोकल पुलिस को जानकारी दी। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत पुलिस स्टेशन की तलाशी ली, लेकिन वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इससे पहले, 7 फरवरी को दिल्ली के मयूर विहार स्थित अल्कोन इंटरनेशनल स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। स्कूल प्रशासन को एक ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई थी, जिसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसर की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
हाल के दिनों में देशभर में धमकी भरे फोन कॉल्स के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन अब तक किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। पुलिस सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।