नई दिल्ली. भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश का सफर फ्रीस्टाइल ग्रैंडस्लैम शतरंज टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के फाबियानो कारुआना के खिलाफ लगातार दूसरी बाजी हारने के बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। सफेद मोहरों से खेलते हुए पहली बाजी हारने के बाद, करो या मरो की दूसरी बाजी में भी गुकेश कारुआना के सामने टिक नहीं पाए और महज 18 चालों में मुकाबला गंवा बैठे।
अब गुकेश आखिरी चार स्थान के लिए चुनौती पेश करेंगे। फ्रीस्टाइल शतरंज में प्यादे अपनी जगह स्थिर रहते हैं, जबकि बाकी मोहरों की प्रारंभिक स्थिति 960 संभावित तरीकों से बदली जा सकती है। इस प्रारूप के समर्थकों में महान बॉबी फिशर भी शामिल थे, और इसे शतरंज के भविष्य के रूप में देखा जा रहा है। कारुआना इस प्रारूप में अनुभवी माने जाते हैं और उन्होंने 15 चालों के भीतर खेल को पारंपरिक शतरंज की स्थिति में पहुंचा दिया, जिसके बाद गुकेश को हार स्वीकार करनी पड़ी।