बेंगलुरु। एक महिला का गाड़ी चलाते समय लैपटॉप पर काम करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उस पर ₹1,000 का जुर्माना लगाया। यह घटना आरटी नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई, जहां अधिकारियों ने महिला को ओवरस्पीडिंग और लापरवाह ड्राइविंग का दोषी पाया।
‘वर्क फ्रॉम होम करो, गाड़ी से नहीं’ – पुलिस की नसीहत
वीडियो वायरल होने के बाद बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने अपनी प्रतिक्रिया दी। नॉर्थ ट्रैफिक डिप्टी कमिश्नर (DCP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा – “Work from home, not from car while driving” और पोस्ट के साथ महिला की तस्वीर भी साझा की।
भारत की टेक कैपिटल कहे जाने वाले बेंगलुरु में इस तरह की घटनाएं अक्सर देखने को मिलती हैं, जिन्हें लोग मजाक में ‘पीक बेंगलुरु’ मोमेंट कहते हैं। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।