लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर इलाके में एक विवाह समारोह के दौरान तेंदुए के घुस आने से हड़कंप मच गया। इस अप्रत्याशित घटना के चलते दूल्हा-दुल्हन को अपनी जान बचाने के लिए कार में शरण लेनी पड़ी। आखिरकार, वन विभाग की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर काबू में किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना बुधवार रात की है, जब बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित एक विवाह भवन में शादी समारोह चल रहा था। तभी अचानक एक तेंदुआ वहां घुस आया, जिससे मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई। लोग भागकर अपनी जान बचाने लगे, यहां तक कि दूल्हा-दुल्हन भी सुरक्षित जगह की तलाश में अपनी कारों की ओर भागे।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान वन अधिकारी मुकद्दर अली तेंदुए के हमले में घायल हो गए, उनके हाथ में चोटें आईं। कड़ी मशक्कत के बाद, रात करीब दो बजे तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर बेहोश किया गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और जंगलों में बढ़ते अतिक्रमण के कारण जंगली जानवर शहरों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने लिखा –
“उत्तर प्रदेश की ‘जुमलाजीवी’ भाजपा सरकार अभी छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं निकाल पाई थी कि अब लखनऊ में तेंदुए का हमला एक नई चुनौती बनकर सामने आ गया है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार इस घटना पर पर्दा डालने के लिए तेंदुए को ‘बड़ा बिल्ला’ करार दे सकती है।