महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस हुई हादसे का शिकार, 3 की मौत, 2 की हालत गंभीर

By: PalPal India News
February 13, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। महाकुम्भ से लौट रहे यात्रियों की बस हुई हादसे का शिकार, जिसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मंदसौर के लोग बस में सवार होकर कुंभ स्नान करने गए थे। कुंभ स्नान के बाद बस कोटा गई और वहां से मंदसौर लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में बस सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। सिमलिया थाना ASI हरिराज सिंह ने बताया कि हादसा सुबह साढ़े 6 बजे के आसपास हुआ। बस में करीब 56 यात्री सवार थे। बस यात्री एमपी के मंदसौर और रतलाम के रहने वाले हैं। प्रयागराज से स्नान करके वापस मंदसौर लौट रहे थे।

हादसा दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हुआ। श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में पति-पत्नी सहित 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। घायलों को कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा गुरुवार सुबह सिमलिया (कोटा) इलाके के कराड़िया के पास हुआ। श्रद्धालु महाकुंभ (प्रयागराज) से मंदसौर (मध्य प्रदेश) लौट रहे थे।

बस ड्राइवर मौके से हुआ फरार

सुबह के वक्त हाईवे पर एक ट्रक खड़ा था। बस खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में कैलाशी बाई (54), किशोरी लाल (60) व अशोक (35) की मौत हुई है। कैलाशी और किशोरी लाल रेखवार पति-पत्नी थे। पति-पत्नी संजिद नाका, पटेल कॉलोनी (मंदसौर) और अशोक (मृतक) नृसिंहपुरा, रामदेव मन्दिर के पास, मंदसौर (MP) के रहने वाले थे। अशोक पेशे से हलवाई थे। चमन लाल व पार्वती घायल हैं। ये लोग बस की केबिन में बैठे थे। इनका इलाज एमबीएस हॉस्पिटल में चल रहा है। उधर, बस ड्राइवर फरार है। हादसे के बाद बस में सवार सभी यात्रियों को कराड़िया में नाड़ा का हनुमान मंदिर परिसर में ठहराया गया है। यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *