पलपल इंडिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से किडनैप बच्चे को पुलिस ने मुरैना से बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया है। बच्चे को देखकर माता-पिता के आंखों से आंसू रुक नहीं रहे हैं। बच्चा मिलने के बाद परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ग्वालियर में मुरार की सीपी कॉलोनी से अगवा हुए कारोबारी के बच्चे को पुलिस ने सकुशल मुरैना से बरामद कर लिया है। हालांकि बदमाश फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बच्चे को लेकर उसके घर पहुंचे आईजी-डीआईजी
मुरैना से बरामद किए गए बच्चे को अपनी गोद में लेकर आईजी और डीजीआई उसके घर पहुंचे। पुलिस की दबिश देख बदमाश बच्चे के छोड़कर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि अपहरणकर्ता बच्चे को काजी बसई गांव में एक ईंट भट्टे के पास छोड़कर फरार हो गए। बच्चे को सबसे पहले रोते हुए रिक्शेवाले ने देखा। उसने गांव के सरपंच को बच्चा सौंप दिया। सरपंच में मामले की जानकारी पुलिस को दी।
कल हुआ था बच्चे का अपहरण
गुरुवार को ग्वालियर से 6 साल के मासूम का अपहरण हो गया था। ग्वालियर में मुरार की सीपी कॉलोनी में कारोबारी की पत्नी 6 वर्षीय बेटे को स्कूल जाने के लिए बस पर छोड़ने के लिए घर से निकली थी। तभी बाईक सवार दो बदमाशों में से एक बदमाश उनके पास आया। महिला की आंखों में मिर्ची का पाउडर झोंका और शिवाय को छीनकर ले गया। इस दौरान कुछ ही दूरी पर बदमाश का दूसरा साथी बाइक स्टार्ट करके खड़ा था। इसके बाद बाइक सवार दोनों बदमाश बच्चे को लेकर मौके से भाग निकले। सूचना के बाद पुलिस मुरैना, भिंड और ग्वालियर में अलग-अलग जगह आरोपियों की तलाश कर रही थी। सीसीटीवी की मदद से पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी मुरैना की तरफ बच्चों को ले गए हैं। पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया तो आरोपी बच्चों को छोड़कर मौके से भाग निकले। मुरैना के काजी बसई गांव में ईट के भट्टे के पास आरोपी बच्चे को छोड़कर भाग गए।
पुलिस और सीएम मोहन जिंदाबाद के लगे नारे
अगवा हुए बच्चे को लेकर आईजी जब मुरार कॉलोनी पहुंचे तो भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाए और जमकर आतिशबाजी भी की। पुलिस और सीएम मोहन यादव जिंदाबाद के नारे काफी देर तक लोग लगाते रहे।