प्रयागराज: महाकुंभ जा रही बोलेरो बस से टकराई, 10 श्रद्धालुओं की मौत

By: PalPal India News
February 15, 2025

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ के 10 श्रद्धालुओं की जान चली गई। यह हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा थाना क्षेत्र के मनु के पुरा गांव के पास हुआ, जब महाकुंभ के दर्शन के लिए जा रही बोलेरो और वाराणसी लौट रही बस की आमने-सामने टक्कर हो गई।

रात करीब 2 बजे हुई इस टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन बोलेरो में सवार सभी 10 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में बस में सवार 19 श्रद्धालु भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि बस में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के श्रद्धालु सवार थे, जो महाकुंभ से वाराणसी लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी कि शवों को निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के श्रद्धालु बोलेरो कार से प्रयागराज में महाकुंभ मेले के लिए रवाना हुए थे। लेकिन दुर्भाग्यवश, रास्ते में उनकी गाड़ी सामने से आ रही बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी और बोलेरो पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *