सेना की फायरिंग रेंज में गोला-बारूद के एक टुकड़े में विस्फोट, एक नाबालिग युवक की मौत, दो अन्य घायल

By: PalPal India News
February 15, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सेना की फायरिंग रेंज में विस्फोट की खबर सामने आई है। इस घटना में एक नाबालिग की मौत के साथ दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया है कि स्थिति का आकलन करने के लिए स्थानीय अधिकारी और सेना के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही आगे के सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दतिया जिले में सेना की फायरिंग रेंज में गोला-बारूद के एक टुकड़े में विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक 17 साल के नाबालिग युवक की मौत हो गई है। वहीं, दो अन्य नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ितों में से एक ने जमीन पर पड़ा एक बिना फटा गोला-बारूद का टुकड़ा उठाया था। इसी दौरान वह फट गया।

घायलों का अस्पताल में चल रहा ईलाज 

इस घटना की जानकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनील कुमार शिवहरे ने दी है। यह घटना सुबह करीब नौ बजे जैतपुर गांव के पास हुई है। यह इलाका दतिया शहर से 80 किलोमीटर दूर बसई पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में है। हादसे में घायल लोगों को उत्तर प्रदेश के झांसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोला-बारूद इकट्ठा करते हैं लोग

जानकारी के मुताबिक, फायरिंग रेंज के आस-पास के गांव में रहने वाले लोग अक्सर गोला-बारूद इकट्ठा करते हैं और उसे कबाड़ के रूप में बेचते हैं। इससे तांबे जैसी धातुयें प्राप्त होती हैं। हालांकि, ये काम काफी जोखिम भरा भी होता है। क्योंकि बिना फटे गोला-बारूद फट सकता है। पुलिस ने बताया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *