पटना. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस हादसे के लिए रेलवे प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए रेल मंत्री से जवाबदेही लेने की मांग की है। इस बीच, जब पत्रकारों ने लालू यादव से कुंभ मेले को लेकर सवाल किया, तो उनका बयान नए विवाद का कारण बन गया। उन्होंने कहा, “कुंभ का कोई मतलब नहीं है… कुंभ-कुंभ-कुंभ, सब फालतू चीज है।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में अब तक 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। आम जनता से लेकर कई प्रसिद्ध हस्तियां भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो रही हैं। ऐसे में लालू परिवार द्वारा कुंभ स्नान न करने पर पहले ही सवाल उठाए जा रहे थे, और अब उनके इस बयान से नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो सकता है।
लालू यादव के बयान को लेकर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जेडीयू (JDU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि “ऐसे संवेदनशील समय में सियासत करने के बजाय पीड़ित परिवारों की मदद पर ध्यान देना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि जदयू उन परिवारों के साथ खड़ा है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और भारत सरकार पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने के लिए तत्पर है। लालू परिवार को धार्मिक प्रवृत्ति का माना जाता रहा है, लेकिन कुंभ को लेकर दिया गया यह बयान उनकी छवि पर सवाल खड़े कर सकता है। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।