नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के दामाद और एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड के चेयरमैन निखिल नंदा कानूनी विवाद में फंस गए हैं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज में एक ट्रैक्टर एजेंसी के मालिक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
22 नवंबर 2024 को ट्रैक्टर एजेंसी के मालिक जितेंद्र सिंह ने मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार का आरोप है कि कंपनी के अधिकारियों द्वारा लगातार धमकाने और एजेंसी की बिक्री बढ़ाने का दबाव बनाने के कारण जितेंद्र मानसिक रूप से तनाव में थे।
इस घटना के बाद जितेंद्र सिंह के भाई ज्ञानेंद्र सिंह ने अदालत में याचिका दायर की, जिसके आधार पर निखिल नंदा और कंपनी के नौ अन्य अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। आरोप है कि कंपनी की ओर से जितेंद्र को लगातार धमकियां दी जा रही थीं और उनके एजेंसी लाइसेंस को रद्द करने की चेतावनी भी दी गई थी।
परिजनों के अनुसार, जितेंद्र सिंह का काफी पैसा एजेंसी के ग्राहकों पर बकाया था और इसी बीच कंपनी का दबाव उन पर बढ़ता जा रहा था। परिवार का कहना है कि जितेंद्र ने कई बार अपनी परेशानी का जिक्र किया था और लगातार मानसिक तनाव में थे, जिससे मजबूर होकर उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।