नई दिल्ली. फिनटेक कंपनी फोनपे ने क्रेडिट और डेबिट कार्ड के लिए डिवाइस टोकनाइजेशन सॉल्यूशन लॉन्च किया है। इस नए फीचर के जरिए यूजर्स फोनपे ऐप पर अपने कार्ड को टोकनाइज कर सकेंगे, जिससे ऑनलाइन भुगतान अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
इस पहल के तहत, फोनपे यूजर्स अपने कार्ड से बिल भुगतान, रिचार्ज, ट्रैवल बुकिंग, बीमा खरीदारी और अन्य ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। साथ ही, जहां-जहां फोनपे पेमेंट गेटवे इंटीग्रेटेड है, वहां कार्ड को टोकनाइज कर भुगतान किया जा सकेगा।
फोनपे के सह-संस्थापक और सीटीओ राहुल चारी ने कहा कि यह कदम डिजिटल भुगतान को और अधिक सुरक्षित एवं सहज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कंपनी जल्द ही इसे अन्य कार्ड नेटवर्क और व्यापारियों तक विस्तारित करने की योजना बना रही है।
टोकनाइजेशन के फायदे
सुरक्षित लेन-देन: कार्ड डिटेल लीक होने या धोखाधड़ी का जोखिम कम होगा।
सुविधाजनक भुगतान: यूजर्स को हर बार कार्ड डिटेल या CVV दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी।
बेहतर सफलता दर: ट्रांजैक्शन सफल होने की संभावना अधिक होगी, जिससे चेकआउट अनुभव बेहतर होगा।
पहले चरण में, उपभोक्ता अपने वीजा क्रेडिट और डेबिट कार्ड को टोकनाइज कर सकेंगे। कंपनी का मानना है कि इससे उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित भुगतान अनुभव मिलेगा और व्यापारियों को भी ट्रांजैक्शन में उच्च सफलता दर व बेहतर ग्राहक अनुभव का लाभ मिलेगा।