Champions Trophy 2025: टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया

By: PalPal India News
February 21, 2025

नई दिल्ली. भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के अपने अभियान की शानदार शुरुआत की और बांग्लादेश को 6 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 50 ओवर में 228 रन बनाए। उनकी ओर से तौहीद हृदोय ने शानदार शतकीय पारी खेली और 103 रन बनाए। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का ज्यादा मौका नहीं दिया।

मोहम्मद शमी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए और वनडे क्रिकेट में 200 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया। उनके अलावा हर्षित राणा ने 3 और अक्षर पटेल ने 2 विकेट झटके, जिससे बांग्लादेश बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहा।

229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 46.3 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए नाबाद 101 रन बनाए, जो आईसीसी टूर्नामेंट में उनका पहला शतक था। रोहित शर्मा ने 41, केएल राहुल ने 38 और विराट कोहली ने 22 रनों का योगदान दिया।

बांग्लादेश के खिलाफ शुभमन गिल ने 125 गेंदों पर जुझारू शतक जड़ा और भारत को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के आउट होने के बाद केएल राहुल ने शुभमन का साथ दिया और दोनों ने मिलकर टीम को जीत दिलाई। भारत ने 21 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और चैंपियंस ट्रॉफी में विजयी शुरुआत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *