नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की कार गुरुवार को दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर एक हल्के सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह घटना दंतनपुर के पास हुई, जब गांगुली अपने काफिले के साथ बर्दवान की ओर जा रहे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा तब हुआ जब एक लॉरी ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे गांगुली के काफिले की गाड़ियां असंतुलित हो गईं। उनकी रेंज रोवर सामान्य गति में चल रही थी, लेकिन लॉरी के अचानक रुकने से ड्राइवर को मजबूरी में ब्रेक लगाना पड़ा। इसी दौरान पीछे आ रही कार उनकी गाड़ी से टकरा गई।
हालांकि, वाहन अधिक तेज गति में नहीं थे, जिससे कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन, काफिले की दो कारों को मामूली नुकसान पहुंचा। इस हादसे के कारण गांगुली को लगभग 10 मिनट तक एक्सप्रेसवे पर रुकना पड़ा। स्थिति सामान्य होने के बाद उन्होंने अपनी यात्रा फिर से शुरू कर दी।