प्रयागराज. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित भव्य महाकुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। राज्य सरकार और मेला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाकर अफवाहें फैला रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ यूपी पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूपी पुलिस के अनुसार, महाकुंभ से जुड़ी झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने के 11 मामलों में कुल 137 सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया की सघन निगरानी के दौरान यह पाया गया कि बीते एक माह से कुछ तत्व महाकुंभ को लेकर गलत नैरेटिव गढ़ने और उत्तर प्रदेश सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह की पोस्ट करने वाले अकाउंट्स को चिह्नित कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।
इसी क्रम में 21 फरवरी को संज्ञान में आया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पाकिस्तान के एक दुर्घटना का वीडियो गलत तरीके से महाकुंभ से जोड़कर वायरल किया गया। इस वीडियो में यह झूठा दावा किया गया कि महाकुंभ में जाने वाली एक बस नाले में गिर गई, जिससे 10 बच्चों और एक व्यक्ति की मौत हो गई।
इस मामले में यूपी पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ पर स्पष्ट किया कि यह वीडियो पाकिस्तान का है और इसे भ्रामक तरीके से महाकुंभ का बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इस दुष्प्रचार में शामिल 36 सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ कोतवाली कुंभ मेला पुलिस में FIR दर्ज की गई है।
इसके अलावा, महाकुंभ से जुड़े झूठे वीडियो, फोटो और गलत जानकारी फैलाने के 11 मामलों में कुल 137 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यूपी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी खबर को बिना सत्यापन के साझा न करें और अफवाह फैलाने वालों से सतर्क रहें।