मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार किसी बयान या विवादित स्टंट की वजह से नहीं, बल्कि एक वायरल वीडियो के कारण। हाल ही में सामने आए इस वीडियो में एक व्यक्ति, जो खुद को पूनम का फैन बता रहा है, सेल्फी लेने के बहाने उन्हें जबरदस्ती किस करने की कोशिश करता नजर आ रहा है। वीडियो में साफ दिखता है कि जब शख्स ने पूनम को गलत तरीके से छूने की कोशिश की, तो उन्होंने तुरंत उसे पीछे धकेल दिया और वहां से चली गईं।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे गंभीर मुद्दा बताया और पूनम के समर्थन में आए, जबकि कई लोगों ने इसे महज एक और पब्लिसिटी स्टंट करार दिया।
एक यूजर ने लिखा, “यह सब पहले से प्लान किया हुआ लग रहा है!”
दूसरे ने कहा, “वाह, क्या एक्टिंग कर रही है!”
कुछ लोगों ने इस घटना को उनकी पिछली ‘मृत्यु की अफवाह’ से जोड़ते हुए इसे “सस्ती लोकप्रियता का हथकंडा” बताया।
पहले भी विवादों में रह चुकी हैं पूनम पांडे- गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी 2024 में पूनम पांडे ने खुद को मृत घोषित कर सुर्खियां बटोरी थीं। उनकी सोशल मीडिया टीम ने उनके निधन की खबर पोस्ट की थी, लेकिन कुछ दिनों बाद पूनम ने खुद एक वीडियो जारी कर बताया कि यह सब “सर्वाइकल कैंसर” के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए किया गया था। हालांकि, इस हरकत के बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया गया था और कई सेलेब्स ने उनकी आलोचना की थी।