बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुत्तों के झुंड ने एक 6 साल की बच्ची पर हमला कर दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव में हुई।
हजरतपुर गांव में रहने वाली मासूम महक गौतम अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर खेल रही थी, तभी करीब 10 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे बुरी तरह से नोच डाला। बताया जा रहा है कि जब कुत्तों ने हमला किया, तो बाकी सभी बच्चे डर के मारे भाग गए, लेकिन महक गिर पड़ी, जिससे कुत्तों ने उसका पीछा किया और उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
आसपास के लोगों ने जब शोर सुना, तो दौड़ते हुए वहां पहुंचे और बच्ची को बचाया। हालांकि, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।