एफआईएच प्रो लीग: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आयरलैंड को हराया, महिला टीम जर्मनी से 0-4 से हारी

By: PalPal India News
February 23, 2025

नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड को 3-1 से मात दी। हालांकि, भारतीय महिला हॉकी टीम को जर्मनी के खिलाफ 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। मैच के आठवें मिनट में आयरलैंड के जेरेमी डंकन ने मैदानी गोल कर भारतीय टीम को चौंका दिया। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की और 22वें मिनट में मंदीप सिंह ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।

इसके बाद, 45वें मिनट में जरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। 58वें मिनट में सुखजीत सिंह ने एक और गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ भारत पांच मैचों में नौ अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

भारत को शनिवार को आयरलैंड के खिलाफ एक और मैच खेलना है, जहां टीम अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश करेगी। भारतीय महिला हॉकी टीम का एफआईएच प्रो लीग में संघर्ष जारी है। शुक्रवार को उसे जर्मनी के खिलाफ 0-4 से हार झेलनी पड़ी। मैच के शुरुआती तीसरे मिनट में एमिली वोर्टमैन ने गोल कर जर्मनी को बढ़त दिलाई। 18वें और 47वें मिनट में सोफिया श्वाबे ने दो और गोल दागे, जिससे भारत दबाव में आ गया। 59वें मिनट में जोहाने हैचेनबर्ग ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर जर्मनी की जीत को और मजबूत किया।

मैच में जर्मनी को 10 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि भारत को सिर्फ दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल हुए। अब भारत का अगला मुकाबला शनिवार को फिर से जर्मनी से होगा। फिलहाल, भारतीय महिला टीम चार मैचों में छह अंकों के साथ सातवें स्थान पर है, जबकि जर्मनी छह मैचों में सात अंकों के साथ उससे एक पायदान ऊपर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *