पलपल इंडिया प्रतिनिधि,पटना। पटना में एक ट्रक ने ऑटो में भीषण टक्कर मार दी। ऑटो में एक दर्जन लोग सवार थे। ट्रक की टक्कर के बाद ऑटो पलट गया। ट्रक भी अनियंत्रित होकर ऑटो पर ही पलट गया। इस वजह से ऑटो में दब कर 7 लोगों की मौके पर मौत हो गई। कई गंभीर रूप से घायल हो गए। बिहार की राजधानी पटना से 35 किलोमीटर दूर मसौढ़ी नौबतपुर मार्ग पर नूर बाजार के नजदीक ये हादसा हुआ है।
रविवार की रात करीब 9:30 बजे एक ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो तुरंत ही पलट गया और ऑटो के ऊपर ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया।
ऑटो में लगभग एक दर्जन लोग सवार थे, जो मजदूरी करके वापस अपने घर लौट रहे थे। हादसा इतनी दर्दनाक था कि ऑटो में दबकर सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने कहा कि हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। ट्रक और ऑटो के भीषण भिड़त के बाद पूरे इलाके में हर हड़कंप मच गया।