रांची-पटना जन शताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, खिड़की टूटी, दो यात्री घायल

By: PalPal India News
February 24, 2025

गया। रांची से पटना जा रही जन शताब्दी एक्सप्रेस पर बीती रात कुछ बदमाशों ने पत्थरबाजी की, जिससे ट्रेन की खिड़की का कांच टूट गया और दो यात्री घायल हो गए। यह घटना गया जंक्शन से पहले ईश्वर चंद्र हॉल्ट के पास हुई। सूत्रों के अनुसार, ट्रेन में पहले से ही कुछ बदमाश चढ़े हुए थे, जिन्होंने रिजर्व सीटों पर कब्जा कर लिया था। जब वास्तविक टिकटधारी यात्रियों ने अपनी सीट खाली करने को कहा, तो वे पहले एक स्टेशन तक मैनेज करने की बात कहकर बैठे रहे। लेकिन जब वे सीट छोड़ने को तैयार नहीं हुए, तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद, बदमाशों ने ईश्वर चंद्र हॉल्ट पर ट्रेन को वैक्यूम कर रुकवा दिया और नीचे उतरकर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

इस पत्थरबाजी में एक बोगी की खिड़की का कांच टूट गया और दो यात्रियों को चोटें आईं। एक यात्री ने बताया कि वह गोमो से ट्रेन में सवार हुए थे और उनकी रिजर्व सीट पर पहले से दो युवक बैठे थे। जब उन्होंने अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा, तो बदमाशों ने एक स्टेशन बाद उतरने की बात कही। लेकिन जब वे अगले स्टेशन पर भी नहीं उतरे और सीट खाली करने से इनकार कर दिया, तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद, बदमाशों ने ट्रेन के अंदर गाली-गलौज की और ईश्वर चंद्र हॉल्ट के पास ट्रेन को रोककर नीचे उतर गए। फिर उन्होंने ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

घटना के बाद यात्रियों ने 139 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। फिलहाल, रेलवे पुलिस (GRP) मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है। इस घटना ने ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *