मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय को एक पाकिस्तानी नंबर से व्हाट्सएप पर हमले की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। यह धमकी भरा संदेश मुंबई ट्रैफिक पुलिस को मिला, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। बुधवार दोपहर को मुंबई ट्रैफिक पुलिस को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें मुख्यमंत्री कार्यालय पर हमले की चेतावनी दी गई थी। यह संदेश पाकिस्तान के एक नंबर से आया था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, संदेश भेजने वाले ने अपना नाम मलिक शाहबाज हुमायूं राजा देव बताया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि संदेश भारत से भेजा गया है या किसी अन्य देश से धमकी दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई की वर्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों को भी इस धमकी की जानकारी दी गई है, और महाराष्ट्र पुलिस राज्य के अन्य प्रमुख सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ाने पर विचार कर रही है।
इस धमकी के बाद मुंबई में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और जांच को आगे बढ़ा रही है। यह पहली बार नहीं है जब महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री को धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई बार ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने हर बार सतर्कता बरतते हुए किसी भी अप्रिय घटना को टालने में सफलता पाई है।