मशहूर गायिका श्रेया घोषाल ने शनिवार को खुलासा किया कि उनका X (ट्विटर) अकाउंट 13 फरवरी से हैक है। उन्होंने इसे वापस पाने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली। इस बारे में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए फैंस को सतर्क किया कि उनके ट्विटर प्रोफाइल से भेजे गए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
श्रेया ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हैलो, फैंस और दोस्तों! मेरा X (ट्विटर) अकाउंट 13 फरवरी से हैक है। मैंने इसे रिकवर करने के लिए पूरी कोशिश की और X टीम से संपर्क भी किया, लेकिन अब तक सिर्फ ऑटो-जेनरेटेड जवाब ही मिले हैं।”
40 वर्षीय गायिका ने यह भी बताया कि उन्हें अकाउंट तक एक्सेस नहीं मिल रहा है, इसलिए वे इसे डिलीट तक नहीं कर सकतीं। उन्होंने फैंस को चेतावनी देते हुए कहा, “कृपया किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और न ही मेरे अकाउंट से किए गए किसी भी संदेश पर भरोसा करें। वे स्पैम या फिशिंग लिंक हो सकते हैं।” श्रेया ने आश्वासन दिया कि अगर उनका अकाउंट रिकवर हो जाता है और पूरी तरह सुरक्षित होता है, तो वे वीडियो के जरिए इसकी पुष्टि करेंगी।