नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने करवट ली है। उत्तर भारत में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं के कारण ठंडक बढ़ गई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 2-3 दिनों तक उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों तक पहुंचेंगी, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है।
शनिवार, 2 मार्च 2025 को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जारी किया है। दिल्ली में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आई। हालांकि, दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन 4 और 5 मार्च को तेज हवाएं चलने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28.6°C और न्यूनतम तापमान 16.6°C दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बर्फबारी से कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण 4 नेशनल हाईवे और 450 से अधिक सड़कें अब भी बंद हैं। वहीं, जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को हल्के वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उत्तराखंड के चमोली में हिमस्खलन के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने राजस्थान के झुंझुनू, बीकानेर, चुरू, सीकर, जयपुर, अलवर और धौलपुर सहित कई जिलों में आंधी-तूफान और हल्की बारिश की चेतावनी दी है। इसी तरह, उत्तर प्रदेश के रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बहराइच और गोंडा समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत में भी मौसम प्रभावित है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, मदुरै और कोयंबटूर सहित कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।