स्टेशन मास्टर ने लगाया Google Map, 30 फीट गहरे नाले में गिरने से मौत

By: PalPal India News
March 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। एक बार फिर गूगल मैप की वजह से बड़ा हादसा हो गया है। गूगल मैप के चलते ग्रेटर नोएडा में एक स्टेशन मास्टर की मौत हो गई। उनकी तेज रफ्तार कार अचानक 30 फीट गहरे नाले में जा गिरी। काफी देर तक वह पानी में फंसे रहे, जब तक पुलिस पहुंचती और उन्हें वहां से निकालती तब तक उनकी जान जा चुकी थी।

गूगल मैप के कारण हुआ हादसा

दरसअल, पूरा मामला बीटा टू थाना क्षेत्र के पी 3 सेक्टर के पास का है, जहां पर दिल्ली के मंडावली के रहने वाले स्टेशन मास्टर भारत भाटी एक शादी समारोह में जा रहे थे। उन्होंने गूगल मैप लगा रखा था। जब वह केंद्रीय विहार-2 सोसायटी के सामने से तेज रफ्तार से अपनी कार लेकर निकले, तो थोड़ा आगे चलकर रास्ता खत्म हो गया और नाला आ गया। इसी दौरान अचानक से उनकी कार उस गहरे नाले में जा गिरी। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने अपने सिपाहियों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत करते हुए स्टेशन मास्टर को बाहर निकला और अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने स्‍टेशन मास्‍टर के पास मिले आई कार्ड से पहचान की और हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दी।

पुलिस ने लगाई बैरिकेडिंग

दरसअल यह जगह ऐसी है कि यहां पर आए दिन हादसे होते हैं। रास्ता अचानक से आगे बंद हो जाता है और सीधा नाले में खुलता है, जिसकी वजह से वाहन चालक को पता नहीं चलता और वाहन सीधे नाले में गिर जाते हैं। प्राधिकरण की तरफ से यहां पर कोई भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं है। हालांकि पुलिस की तरफ से अब यहां पर बैरिकेडिंग लगाई गई है ताकि आगे किसी भी तरह का कोई हादसा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *