गांजा रखने के आरोप में ‘IIT बाबा’ अभय सिंह गिरफ्तार, मिली जमानत

By: PalPal India News
March 4, 2025

जयपुर। राजस्थान के जयपुर में IIT बाबा के नाम से मशहूर अभय सिंह को गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, हालांकि कुछ ही देर बाद उन्हें जमानत मिल गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अभय सिंह ने कहा कि उनके पास गांजा की मात्रा बहुत कम थी, जिसके कारण उन्हें तुरंत जमानत मिल गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए लिखा, “मेरे बारे में कई फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं—एक मेरी आत्महत्या की और दूसरी मेरी हिरासत की। सच्चाई यह है कि मुझे तुरंत जमानत मिल गई, क्योंकि मामला गंभीर नहीं था। आज मेरा जन्मदिन है, और मैं इसे खुशी से मनाना चाहता हूं।”

कौन हैं अभय सिंह- अभय सिंह हाल ही में प्रयागराज महाकुंभ के दौरान IIT बाबा के नाम से सुर्खियों में आए थे। उन्होंने दावा किया था कि वे IIT बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट हैं। उनकी अनोखी वेशभूषा और जीवनशैली सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी, जिससे वे चर्चा में आ गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *